हरिद्वार। हरिद्वार के कनखल स्थित स्वामी हरिहरानंद पब्लिक स्कूल में सीआईएससीई बोर्ड के राष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट का समापन मंगलवार को हुआ। तीन दिवसीय कबड्डी महाकुंभ में देशभर से लगभग 35 टीमों में हुए जबरदस्त मुकाबले के बाद अंडर 14 में ओड़िसा प्रथम, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड की टीम क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही।
इसी तरह अंडर 17 में नॉर्थ वेस्ट प्रथम, बिहार व झारखंड, कर्नाटक क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-19 में तमिलनाडु ने खिताब अपने नाम किया। वहीं बिहार व झारखंड, महाराष्ट्र द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। अंतिम दिन हुए रोमांचक फाइनल मुकाबले में सभी टीमों ने अंकों की बढ़त बनाने के लिए काफी जोर लगाया।
परिणाम आने के बाद आयोजकों ने टीमों के शानदार प्रदर्शन के बाद बोर्ड के कोच और अन्य ने एसजीएफआई के लिए चयनित खिलाड़ियों के नाम की घोषणा की। इसमें उत्तराखंड की टीम से स्वामी हरिहरानंद पब्लिक स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र योगी त्यागी का भी चयन किया गया है।
विद्यालय के प्रबंधक स्वामी शरदपुरी, महामंडलेश्वर स्वामी प्रज्ञा पुरी, स्वामी रिचा पुरी व स्वामी नित्यम पुरी ने सभी विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान, दर्जाधारी ओमप्रकाश जमदग्नि, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी विकास तिवारी, संजय चौहान आदि मौजूद रहे।