हरिद्वार। पैगंबर मोहम्मद साहब के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर नाराज मुस्लिम समाज के हजारों लोगों ने ज्वालापुर में काली पट्टी बांधकर विरोध जुलूस निकाला। सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग भी की गई। शांति व्यवस्था के मद्देनजर आला अधिकारी पुलिस बल के साथ जुलूस में मौजूद रहे।
पिछले दिनों एक व्यक्ति की ओर से मोहम्मद साहब के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर मुस्लिमों में गहरी नाराजगी है। दो दिन पहले इसे लेकर एक मीटिंग भी हुई थी। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हाथ में काली पट्टी बांधकर व नारे लिखी तख्तियां लेकर मुस्लिम समुदाय के लोग कटहरा बाजार जामा मस्जिद के बाहर जमा हुए। इसके बाद अंजुमन गुलामान-ए- मुस्तफा के बैनर तले हजारों लोग जुलूस की शक्ल में गुरुद्वारा रोड, रेलवे फाटक से होते हुए आर्यनगर चौक पहुंचे। जहां सिटी मजिस्ट्रेट जयभारत सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जुलूस की अगुवाई करने वालों में हाजी शफी खान, हाजी नईम कुरैशी, हाजी रफी, मौलाना आरिफ कासमी, मौलाना इकबाल कासमी, इरफान अंसारी, बाबर खान, छम्मन पीरजी, शाहबुद्दीन अंसारी, जमशेद खान, सैयद सकलैन, इरफान अली, मुनव्वर कुरैशी, अकबर खान, मुकर्रम अली, अनीस खान, सद्दीक गाड़ा, सरफराज गौड, शादाब कुरैशी, अरशद ख्वाजा, सुहेल कुरैशी, काजी चांद, अतहर अंसारी, मुर्सलीन कुरैशी, फकीरा खान आदि समेत हजारों लोग शामिल रहे। सीओ सदर राजेश भट्ट, ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी डीएस रावत समेत आस पास के कई थानों के पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। जुलूस में शामिल लोग नारेबाजी कर रहे थे।