नर्सिंग कॉलेज छात्रावास और जूना अखाड़ों में कोरोना मरीजों की संख्या अधिक होने पर कंटेनमेंट जोन बना दिए हैं। इनमें कोरोना मरीजों और अन्य लोगों के लिए खाने-पीने की जरूरत की चीजों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश एसडीएम ने लेखपालों को दिए हैं।
रोशनाबाद स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज के छात्रावास में 91 छात्राओं की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इससे नर्सिंग कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया था। शनिवार को एसडीएम पूरण सिंह राणा ने नर्सिंग कॉलेज पहुंचकर कॉलेज प्रशासन से कोरोना मरीजों के बारे में बातचीत की। जानकारी जुटाने के बाद कॉलेज को सुरक्षा की दृष्टि से कंटेनमेंट जोन घोषत कर दिया गया। इसके अलावा जूना अखाड़ा में भी 9 संतों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जूना अखाड़ा के उस ब्लॉक को भी कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। जिसमें नौ संतों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि अधिकारियों को कंटेनमेंट जोन में आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी रखने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि फल, सब्जी, दूध आदि खाने पीने की सभी चीजें उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को कोरोना पॉजिटिव पाए गए मरीजों पर निगरानी करने के लिए कहा गया है।