सिडकुल। मेट्रो अस्पताल में पिछले हफ्ते शौचालय में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पड़ी मिली नर्स के मामले में भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ संगठन ने उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में महासंघ ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
संगठन के पदाधिकारियों और मृतका के परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि पीड़ित परिवार की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है और न ही कोई अधिकारी उनसे मिलने को तैयार है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से मांग की जा रही है कि घटना की उच्च स्तरीय जांच की जाए। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और अस्पताल की जवाबदेही तय की जाए। महिला सुरक्षा को देखते हुए कभी ऐसी घटना न घटे।
संगठन ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करेंगे। इस दौरान पूरण सिंह, कुसुम कुमारी, अभिषेक शुभम, मोहित चौहान, आकाश मिश्रा, लक्ष्मी, अमित कुमार, पूनम, संगीता, विपिन आदि मौजूद रहे।