हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की जांच कर नौ दुकानदारों को नोटिस जारी किए। साथ ही पनीर, राजमा समेत नौ खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। टीम ने दो ढाबों से चार किलोग्राम खुला बदबूदार पनीर और एक ढाबे से 12 खुला मसाले को नष्ट कराया गया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, पवन कुमार के साथ सुभाष घाट, कुशावर्त घाट, दीनदयाल पार्किंग, दिल्ली नेशनल हाईवे और रावली महदूद स्थित ढाबों, कैंटीन, होटल व डेयरियों सहित दस प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। मौके से प्रयोगशाला जांच के लिए पनीर के दो, खुला मसाला का एक, तैयार खाद्य पदार्थ का एक, राजमा साबुत का एक, बेकरी उत्पाद के चार सैंपल लिए गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों का संग्रह और निर्माण करने, खाद्य पदार्थों में अखाद्य पदार्थ मिलाने, बासी एवं सड़े गले खाद्य पदार्थों का प्रयोग करने, अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत न करने और फूड लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर नौ खाद्य प्रतिष्ठानों के मालिकों को नोटिस जारी किए गए। प्रतिष्ठानों पर फूड लाइसेंस लगाने के निर्देश दिए। टीम की ओर से दो ढाबों से चार किलोग्राम खुला बदबूदार पनीर और एक ढाबे से 12 खुला मसाले को नष्ट कराया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान जारी रहेगा।