कांग्रेस में शामिल हो चुका हो चुके बसपा विधायक हरिदास के समर्थकों ने बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों से टिकट की एवज में लिए पैसे वापस करने को लेकर जमकर हंगामा किया। जिले में शेष बची सीटों पर प्रत्याशियों का चयन करने के लिए बसपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को झबरेड़ा के विधायक हरिदास, ज्वालापुर से पिछली बार चुनाव लड़े मदनलाल और भगवानपुर से टिकट मांग रहे तीरथ प्रधान के समर्थकों ने हाईजैक कर लिया। प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें समझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक गतिरोध बना रहा। हंगामे की सूचना मिलने पर प्रदेश प्रभारी प्रदीप जाटव बैठक में नहीं पहुंचे।
मंगलवार को बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भृगुराशन राव ने चुनाव के संबंध में चर्चा करने और शेष बचे प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के लिए प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। दोपहर करीब बारह बजे बैठक में विचार विमर्श शुरू ही हुआ था कि हरिदास, मदनलाल और तीरथ प्रधान के समर्थक बाहर जुटने शुरू हो गए। हरिदास के समर्थकों ने पैसे लेकर टिकट बेचने का आरोप पार्टी के पदाधिकारियों पर लगाया। प्रदेश प्रभारी प्रदीप जाटव के खिलाफ नारेबाजी कर रहे समर्थकों ने चेतावनी दी कि अगर प्रदीप जाटव उनके पैसे लेकर नहीं पहुंचे तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। वहीं, मदनलाल के समर्थकों ने ज्वालापुर से मुल्कीराज को टिकट देने का विरोध किया। उनका कहना था कि पिछले चुनाव में मदनलाल केवल ढाई सौ वोटों से चुनाव हारे थे। इस बार टिकट पर उन्हीं का ही अधिकार बनता है।
वहीं, दावेदार तीरथ प्रधान के समर्थन भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष चंद्रकिरण के नेतृत्व में सैकड़ों की तादाद में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि तीरथ प्रधान पिछले काफी समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके अलावा किसी और को टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष भृगुराशन राव ने सभी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन मांग पूरी होने तक कोई भी समर्थक पीछे हटने को तैयार नहीं था।
बसपा हाईकमान ने टिकटों को लेकर जो भी फैसला किया है वह फाइनल है। किसी भी प्रत्याशी का टिकट नहीं बदला जाएगा। जहां तक टिकटों के बारे में पैसे लिए जाने की बात है इसके बारे में मुझे कुछ पता नहीं है। मेरे अध्यक्ष बनने से पहले कोई बात हुई हो तो मैं कुछ नहीं बता सकता। पूरी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंपी जाएगी।
- भृगुराशन राव, प्रदेश अध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी