पांच साल की मीनाक्षी की मौत खौलते पानी से झुलसने के कारण ही हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण साफ होने पर मां के दामन पर लगा आरोप धुल गया है। नगर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ली बच्ची की मां प्रिया को छोड़ दिया है।
बुधवार देर रात नगर कोतवाली पुलिस ने ब्रह्मपुरी बस्ती निवासी छोटू की पांच साल की बेटी की रहस्यमय मौत होने पर शव कब्जे में ले लिया था। मासूम के हाथ-पैर एवं कूल्हे पर झुलसने के निशान थे और हाथ भी फ्रैक्चर था। पड़ोसियों का आरोप था कि प्रिया ने अपनी बेटी की हत्या की है।
जबकि मां ने पुलिस को बताया था कि उसने बेटी को नहलाने के लिए पानी गर्म करने को रखा था। उसके बाद वह किसी काम से छत पर चली गई थी। उसी दौरान बेटी गर्म पानी में गिर गई थी। फिर बच्ची सीढ़ियों से भी नीचे गिर गई थी। बुधवार शाम को देहरादून अस्पताल में मासूम की मौत हो गई थी।
हालांकि बच्ची की मौत के बाद पति भी अपनी पत्नी के संग नहीं खड़ा था। नगर कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि गर्म पानी से झुलसने से मासूम की मौत हुई है। हाथ में फ्रैक्चर गिरने से हुआ था।