हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में शर्मसार करने की घटना सामने आई है। नवजात बच्ची को कोई मंदिर के पास लावारिस छोड़कर चला गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालते हुए बच्ची को छोड़ने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है। सिडकुल थाना प्रभारी रमेश सिंह तनवार के मुताबिक, सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि रोशनाबाद में शनि मंदिर के पास एक नवजात बच्ची पड़ी है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। नवजात को कब्जे में ले लिया।
आसपास बच्ची के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन कुछ पता चल पाया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मासूम को मंदिर के पास छोड़ने वालों की तलाश में पुलिस जुट गई। थाना प्रभारी रमेश सिंह तनवार ने बताया कि बच्ची को जन्म के कुछ घंटे बाद ही मंदिर के पास कोई छोड़कर चला गया।
बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करते हुए बच्ची को छोड़कर जाने वालों की तलाश की जा रही है। नवजात को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।