- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में एसी की शाफ्ट पर विवाद हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, लोकेश मेहंदीरत्ता निवासी श्रीचंद्राचार्य अपार्टमेंट, कनखल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो जून की रात करीब साढ़े दस बजे उनके फ्लैट के ऊपर रहने वाले पड़ोसी विजेंद्र तनेजा, उनके पुत्र राघव तनेजा और पत्नी भारती तनेजा ने उनकी एसी शाफ्ट के ऊपर फाइबर की शीट लगाकर रास्ता बंद कर दिया। आरोप है कि जब उन्होंने शीट हटाने के लिए कहा तो तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विजेंद्र और राघव ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। शोर-शराबा सुनकर उनकी पत्नी मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की। उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनके दांत भी हिल गए। दोबारा फाइबर शीट लगाते हुए धमकी दी कि यदि शीट हटाई गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।