- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में ट्यूशन से घर लौट रही एक किशोरी के साथ बीच सड़क पर मारपीट की गई। आरोप है कि उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। पुलिस ने पिता की शिकातय पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी मंगलवार शाम करीब छह बजे ट्यूशन से घर लौट रही थी। सीतापुर रेलवे फाटक के पास वह सामान लेने के लिए सड़क किनारे रुकी। आरोप है कि इस दौरान स्कूटी सवार आशा और उसके साथ मौजूद एक अन्य महिला ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इसके बाद आशा ने अपने भाई अंकुर और उसके दो-तीन अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर बीच सड़क पर किशोरी के साथ मारपीट की। उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी मिलने पर उसकी मां और नाना मौके पर पहुंचे। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।