हरिद्वार। सप्तऋषि घाट स्थित ठोकर नंबर-12 पर गंगा में डूब रहे एक युवक को 15वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने बचा लिया। युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया।
शुक्रवार दोपहर पूजा गिरी ने दूरभाष के माध्यम से सूचना दी कि एक युवक गंगा नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही घाट ड्यूटी पर तैनात एनडीआरएफ की टीम सक्रिय हो गई। जवानों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और महज कुछ ही मिनटों के भीतर युवक को नदी से बाहर निकाल लिया। युवक को घायल और रक्तस्राव की हालत में सुरक्षित बाहर लाया गया। मौके पर मौजूद जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंथूरा के सहयोग से युवक को अस्पताल भिजवाया। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान हिमांशु (25) निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। युवक गंगा किनारे मौजूद था, तभी अचानक वह तेज बहाव की चपेट में आ गया था।