करोड़ों के छात्रवृत्ति घोटाले में एसआईटी जांच के घेरे में आए समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल हाईकोर्ट के आदेश के बाद बृहस्पतिवार को एसआईटी के समक्ष पेश हुए। उन्हें सोमवार को फिर से एसआईटी ने पूछताछ के लिए बुलाया है। इधर, एसआईटी नए सिरे से अपनी रणनीति बनाने में जुटी है।
समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक कई दफा नोटिस जारी करने के बाद भी एसआईटी के समक्ष पेश नहीं हो रहे थे। एसआईटी देहरादून में उनके घर से लेकर कार्यालजयों तक पर नोटिस चस्पा कर चुकी थी। इधर, संयुक्त निदेशक ने एससीएसटी आयोग का दरवाजा भी खटखटाया था। वहीं इस मामले में हरिद्वार के रहने वाले पंकज कुमार ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल को एसआईटी के समक्ष पेश होने के आदेश दिए थे। बृहस्पतिवार को संयुक्त निदेशक रोशनाबाद में एसएसपी कार्यालय में बने एसआईटी के कार्यालय पहुंचे। एएसपी आयुष अग्रवाल ने संयुक्त निदेशक से चंद सवाल किए, फिर उन्हें सोमवार को आने की बात कहकर रवाना कर दिया गया। एएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को उन्हें फिर से पूछताछ के लिए बुलाया है। उस दिन विस्तार से पूछताछ की जाएगी। आज भी कुछ सवाल किए गए थे। एसआईटी अपनी जांच कर रही है।