भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन और गेल का नेचुरल गैस टर्मिनल रानीपुर झाल के पास बनेगा। हर घर की रसोई को सीधे गैस पाइप लाइन से जोड़ने की योजना को सिरे चढ़ाने में नगर निगम मददगार बन रहा है। नेचुरल गैस टर्मिनल बनाने के लिए नगर निगम रानीपुर झाल के पास की अपने स्वामित्व की भूमि में से 4000 वर्गमीटर भूमि देने जा रहा है। 31 दिसंबर को होने वाले नगर निगम की बोर्ड बैठक में इस पर मुहर लगने की उम्मीद है।
मेयर मनोज गर्ग ने बताया कि राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना को भूमि देने से नगर निगम को करोड़ों रुपये की आय भी होगी। नगर निगम व्यावसायिक सर्किल रेट से ही अपनी भूमि देगा, जिससे पांच करोड़ से अधिक आय होने का अनुमान है। नेचुरल गैस टर्मिनल के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आवेदन पत्र भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन एवं गेल गैस लिमिटेड के संयुक्त उद्यम के प्रोजेक्ट मैनेजर परंजय जोशी ने नगर निगम को दिया है। मेयर ने बिना देरी के भूमि देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है।