श्यामपुर (हरिद्वार)। नजीबाबाद राजमार्ग पर ईटों से भरे ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने से एक ढाबे पर बैठे 30 कांवड़िये बाल बाल बच गए। कांवड़ियों ने भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन उनकी कांवड़ नष्ट हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना में घायल हुए ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दुर्घटना सोमवार देर रात करीब दस बजे कांगड़ी गांव के पास हुई। रुड़की के लंढौरा से ईंटों से भरा एक ट्रक कोटद्वार जा रहा था। गांव कांगड़ी के पास पहुंचते ही चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया। ट्रक को अपनी ओर आता देख ढाबे पर मौजूद कांवड़ी आनन फानन में भाग खड़े हुए। ट्रक उनकी कांवड़ को रौंदता हुआ आगे जाकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक वीर सिंह निवासी कोटद्वार जख्मी हो गया। एसआई शिवप्रसाद ने चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कांवड़ के नष्ट होने पर कांवड़ियों को जल लेकर ही लौटना पड़ा।