कनखल के चंद्राचार्य अपार्टमेंट (निकट भैंरो मंदिर) में रहने वाले देहरादून में सचिवालय में तैनात समीक्षा अधिकारी की मासूम बेटियों को आतंकित कर हथियारबंद बदमाश कई लाख के जेवर लूटकर ले गए। घटना से पुलिस में हड़कंप मचा रहा। पुलिस ने लुटेरों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। देर शाम दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया। एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द मामले के खुलासे के निर्देश दिए है।
चंद्राचार्य अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या सी-103 में सेक्शन अधिकारी डा. दिग्विजय सिंह बिष्ट परिवार समेत रहते है। पेशे से शिक्षिका उनकी पत्नी आरती रोजाना की तरह गांव गाडोवाली में राजकीय जूनियर हाईस्कूल में ड्यूटी पर गई थी। वे करीब ग्यारह बजे अपनी बेटियों प्रसिद्धि (7) और माही (4) को छोड़कर किसी कार्य के लिए रोशनाबाद चले गए। करीब पौने बारह बजे बड़ी बेटी ने पिता को मोबाइल फोन पर घटना की जानकारी दी। घर पहुंचे दिग्विजय सिंह बिष्ट को बेटी ने बताया कि दोनों खाना खा रही थी और टीवी चल रहा था।
इसी बीच दरवाजे की कुंडी तोड़कर तीन लोग घर में घुस आए। एक के हाथ में चाकू था और दूसरे के हाथ में रॉड। डरी सहमी बेटी ने बताया कि उन्हें डरा धमकाकर एक तरफ बैठा दिया। फिर अलमारी तोड़कर जेवर लेकर चले गए। सूचना मिलने पर एसपी सिटी मणिकांत मिश्रा, एसआई भवानी शंकर पंत, एसआई वेदपाल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मासूम बेटियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं देर शाम समीक्षा अधिकारी ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी सिटी ने बताया कि घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए है।