Monday arrived in Hardwar Hrki STEP reservation movement leader who Hrdik Patel Patel Gujarat.
- फोटो : amarujala
गुजरात में पटेल आरक्षण आंदोलन खड़ा करने वाले और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देने वाले युवा नेता हार्दिक पटेल ने हरकी पैड़ी पहुंचकर प्रधानमंत्री पर हमला बोला। कहा कि मोदी विकास नहीं विनाश का रास्ता जानते हैं। इस दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य के पत्ते तो नहीं खोले लेकिन, पटेल समाज को हक दिलाने की लड़ाई जारी रखने का एलान किया।
फिलहाल गुजरात हाईकोर्ट के आदेश पर छह माह के लिए गुजरात से बाहर रह रहे हार्दिक पटेल रविवार देर रात भूपतवाला में अपने गुरु कृष्णानंद के दीप्तानंद आश्रम पहुंचे। हाईकोर्ट से इजाजत मिलने पर वह 15 दिन के लिए हरिद्वार घूमने आए हैं। सोमवार को वह गुजरात के अनीस खान, हर्ष बख्शी, विपुल कुमार के साथ हरकी पैड़ी पहुंचे और मां गंगा का आचमन किया। नोटबंदी पर उन्होंने कहा कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं लेकिन, केंद्र सरकार ने आधी अधूरी तैयारियों के बीच नोटबंदी की है। कहा कि लाइनों में इस समय आम आदमी लगे हुए हैं। जबकि अडाणी, अंबानी, वित्त मंत्री अरुण जेटली और किसी नेता का बच्चा लाइन में नहीं है। इसका जवाब प्रधानमंत्री को देना चाहिए। उन्हें जवाब देना चाहिए कि नोटबंदी केवल गरीबों के लिए है। इस दौरान उन्होंने बाबा रामदेव पर भी निशाना साधा। कहा कि बाबा रामदेव बताएं कि वह 15-15 लाख रुपये कहां गए जिनका उन्होंने पूरे लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार किया था। उन्होंने कहा कि उनका राजनीति से कोई लेना देना नहीं है लेकिन, पटेल समाज के हक के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।