डीपीएस रानीपुर हरिद्वार में जोन-3 द डीपीएस बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट की विजेता टीम। स्रोत: आयोजक
डीपीएस रानीपुर हरिद्वार में आयोजित जोन-3 डीपीएस बास्केटबॉल टूर्नामेंट (बॉयज ओपन) 2025 का खिताब डीपीएस एल्डिको लखनऊ ने जीत लिया है। मेजबान डीपीएस रानीपुर दूसरे स्थान पर रहा जबकि डीपीएस आगरा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
शुक्रवार को हुए फाइनल मुकाबले में डीपीएस एल्डिको लखनऊ ने कड़े संघर्ष में डीपीएस रानीपुर को 49-36 के स्कोर से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में डीपीएस आगरा ने डीपीएस बरेली को 30-18 से पराजित किया। डीपीएस एल्डिको लखनऊ के खिलाड़ी ईशान को टूर्नामेंट में सर्वाधिक स्कोर करने के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि भारत सरकार की पूर्व शिक्षा सचिव एवं डीपीएस रानीपुर की चेयरपर्सन वृंदा सरूप (आईएएस) ने विजेता टीमों को ट्रॉफी और अन्य प्रतिभागियों, कोच तथा निर्णायक मंडल को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य डा. अनुपम जग्गा, गुंजन शुक्ला, कमल चमोली, दीपक सैनी, संगीता पाल, रेनु रानी, राजेश मल्लाह, जनार्दन डूंगरा कोटी, तान्या सिंह, राहुल, कृष हंस, सीमा भारद्वाज, पविंदर सिंह, अनुपमा श्रीवास्तव, आरती बाटला आदि मौजूद रहे।