ज्वालापुर क्षेत्र में मोबाइल फोन कारोबारी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति ने अचानक तबियत बिगड़ने से मौत होने की बात कही है। इधर, मायके पक्ष ने हत्या की बात कही है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पुराना रानीपुर मोड के पास प्रशांत सिंघल की वान्या कम्युनिकेशन के नाम से दुकान है। वे शंकर आश्रम तिराहे के पास मीना एनक्लेव कालोनी में किराये पर रहते हैं। पति का कहना है कि देर रात पत्नी खुशी (26) की अचानक तबियत खराब हो गई। वह उसे सिटी अस्पताल ले गया जहां से रैफर करने के बाद कनखल के रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले आया पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पति शव घर ले आया। इधर, बेटी की मौत की खबर पाकर मेरठ से मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। मायके पक्ष की सूचना पर ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि शव पर किसी तरह के निशान नहीं पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपेार्ट में मौत का कारण साफ हो सकेगा। बताया कि मोबाइल फोन कारोबारी ने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे जब वह घर पहुंचा था तब उसकी पत्नी शराब के नशे में थी। कोतवाली प्रभारी के अनुसार मोबाइल फोन कारोबारी अपने परिवार से अलग रहता था, उसकी दो मासूम बेटियां है।