हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में किशोरी से अश्लील हरकतें व छेड़खानी करने का विरोध करने पर नाबालिग भाई और उसके परिवार के सदस्यों से मारपीट कर दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली के एक गांव निवासी महिला ने शिकायत देकर बताया कि छह अप्रैल की रात शाहिद ने उसके नाबालिग पुत्र को बहला फुसलाकर उसकी नाबालिग बेटी को बुलवाया। आरोप लगाया कि पुत्री से अश्लील हरकतें करते हुए छेड़खानी करने लगा। जब दोनों ने शोर मचाया तो उनसे मारपीट कर दी। शोर-शराबा होने पर उसकी दूसरी बेटी ने उसे व पति को जानकारी दी। पति ने मौके पर पहुंचकर शाहिद से नाराजगी जताई।
आरोप है कि कुछ देर बाद शाहिद, शुभानी, अख्तर व शाहिद की पत्नी व तीन अन्य लोग लाठी-डंडे व ईंट लेकर उनके घर के बाहर आए और गाली-गलौज करने लगे। जब पति ने विरोध किया तो सभी ने हमला कर दिया। पति-पत्नी व नाबालिग बहन-भाई व अन्य सदस्यों से बुरी तरह मारपीट की। कुछ लोगों आकर उन्हें छुड़ाया। तब उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।