शहर के एक होटल कारोबारी से भूमि बेचने के नाम पर चालीस लाख की रकम हड़प लेने का मामला सामने आया है। ज्वालापुर पुलिस ने होटल कारोबारी की शिकायत पर आरोपी संत और उसके परिचित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक विष्णु गार्डन कालोनी कनखल निवासी होटल कारोबारी सन्नी कपूर ने तहरीर में आरोप लगाया कि बालकनाथ ने जानबूझकर ऊंचा पुल के पास करीब 29 हजार वर्ग फुट भूमि बेचने का सौदा उसके साथ तय किया था। जिसकी एवज में उससे चालीस लाख की रकम ले ली। आरोप है कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि उक्त भूमि का पहले भी बैनामा कर रकम ली हुई है। आरोप है कि बालकनाथ ने जानबूझकर रकम हड़पने की नीयत से उसके साथ इकरारनामा किया था। आरोप है कि महंत बालकनाथ को उसके गुरु ने जो वसीयत की थी, उसे उसमें भूमि को बेचने का अधिकार ही नहीं है। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि इस संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।