हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात गीता टेंट हाउस में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के भीतर रखा टेंट, सजावटी कपड़ा व अन्य सामान जलने लगा। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात दुकान के भीतर से धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस व फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पहली दमकल यूनिट ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन लपटों की तीव्रता को देखते हुए दो अतिरिक्त गाड़ियां और बुलानी पड़ीं।
दमकल कर्मियों ने आसपास की दुकानों और मकानों को सुरक्षित करने के साथ आग को फैलने से रोका। आग इतनी तेज थी कि दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। एफएसओ बीरबल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही।