मायके से निकली विवाहिता लापता, गुमशुदगी दर्ज
हरिद्वार। मायके से अलीगढ़ ससुराल जाने के लिए निकली विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। कोई सुराग न लगने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई है। सर्वेश कुमार तिवारी निवासी प्रगति बिहार जगजीतपुर कनखल ने शिकायत देकर बताया कि उनकी पुत्री शची तिवारी पत्नी नवनीत तिवारी 21 अक्तूबर को अपने ससुराल जाटन नगला ग्राम पंचायत राजमऊ थाना दादो तहसील छर्रा जिला अलीगढ़ के लिए घर से निकली थी। मगर ससुराल नहीं पहुंच पाई। काफी तलाश करने पर भी कुछ पता नहीं चल पाया है। एसओ मनोज नौटियाल ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
-
बहादराबाद से एक वारंटी गिरफ्तार
बहादराबाद। पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार किया है, जिसे कोर्ट में पेश किया गया। एसओ नरेश राठौड़ ने बताया कि शुभम निवासी बहादराबाद के कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। वह लगातार फरार चल रहा था। बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।
-
प्रतिबंधित क्षेत्र में अंडे बेचने पर दो का चालान
हरिद्वार। नगर निगम की टीम ने प्रतिबंधित क्षेत्र में अंडे बेचने पर दो दुकानदारों का 500-500 का चालान कर दिया। मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन चौधरी ने बताया कि ज्वालापुर रेलवे स्टेशन रोड पर अंडा बेचने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर टीम ने छापा मारा। जहां दो दुकानदार अंडे बेचते हुए मिले। दोनों पर कार्रवाई करते हुए एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।