ज्वालापुर क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। मृतका के गले पर निशान पाए गए हैं। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन के सुपुर्द किया गया।
क्षेत्र के गोलगुरुद्वारा के पास रहने वाले व्यापारी अमनदीप की पत्नी चारू (25) को गंभीर अवस्था में सुबह कनखल के रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। इधर, जानकारी मिलने पर ज्वालापुर पुलिस अस्पताल पहुंची और मजिस्ट्रेट ने पहुंचकर पंचनामा भरा। रेल चौकी प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि अमनदीप की चौकी के पास ही रेडीमेड कपड़े की दुकान है। मृतका के गले पर निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सामने आ सकेगा।
इधर, थाने पहुंचे मृतका के भाई सौरभ, पिता सूरज प्रकाश निवासीगण रामनगर कालोनी ने आरोप लगाया कि चारू को दस लाख की रकम के लिए ससुराल पक्ष प्रताड़ित कर थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। कोतवाली प्रभारी नवीनल चंद्र सेमवाल ने बताया कि मृतका के भाई ने पति अमनदीप, सास सरिता कौर, ससुर अमरीक एवं चाचा ससुर सुरजीत के खिलाफ तहरीर दी है। बताया कि दामाद ससुर ने साझेदारी में दुकान खोली हुई थी। मृतका की पांच माह की एक बेटी भी है।