उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। प्रेम नगर आश्रम में होने वाले आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आएंगे।
बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा और जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस देश विभाजन की पीड़ा झेलने वाले लाखों परिवारों के दर्द, संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
कोर कमेटी के सदस्य सुनील अरोड़ा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य भारत विभाजन की त्रासदी को स्मरण करना, विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और नई पीढ़ी को इतिहास से अवगत कराना है। जिला महामंत्री राम अरोड़ा व प्रदीप कालरा ने कहा कि आयोजन स्थल पर विभाजन विभीषिका से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरों और दस्तावेज की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस मौके पर राज ओबराय, प्रमोद पांधी, कमल मनचंदा, नेहा मलिक, रेनू अरोड़ा, आयुषी टंडन, मिनी पुरी, शालू आहूजा, अक्षत कुमार आदि मौजूद रहे।