पत्रकारों से वार्ता करते उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ।
- फोटो : HARIDWAR
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने कहा कि आगामी महाकुंभ को लेकर रेलवे के स्तर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। महाकुंभ के लिए रेलवे देश के अलग-अलग स्टेशनों से हरिद्वार के लिए 50 नियमित एवं स्पेशल ट्रेनों के संचालन करेगा। महाकुंभ के दौरान कोरोना की सक्रियता पर ट्रेनों का संचालन कम और ज्यादा हो सकेगा। महाकुंभ के लिए आवश्यकता अनुसार आइसोलेशन कोच भी हरिद्वार में खड़े किए जाएंगे।
दो दिवसीय निरीक्षण करने के बाद हरिद्वार से लौटने वक्त महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि लाइनों, ओवरब्रिज, फाटक के कई जगह कार्य होने के साथ स्टेशनों में यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। महाकुंभ शुरू होने से पहले सभी कार्य पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोविड 19 का खतरा बना है। अभी तक महाकुंभ के लिए 50 ट्रेनों के संचालन की कार्ययोजना तैयार की गई है। इनमें कई ट्रेनें स्पेशल होंगी। ट्रेनों में आरक्षित टिकट पर ही यात्री सफर कर पाएंगे। खाली प्लेटफार्म की उपलब्धता होने पर आवश्यकता अनुसार आइसोलेशन कोच खड़े किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन कोच में कोविड मरीजों को इलाज मिल सकेगा। निरीक्षण में एजीएम चंद्र लेखा मुखर्जी, मुरादाबाद मंडल के डीआरएम तरुण प्रकाश, एडीआरएम इंफ्रा एनएन सिंह, प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा, आईजी आरपीएफ डॉ. एसएन पांडेय, प्रिंसिपल चीफ कॉमर्शियल मैनेजर जया वर्मा सिंह, स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह, सीएमआई बीएस रावत, सीएचआई जितेंद्र मीणा आदि मौजूद रहे।
उड़ाई शारीरिक दूरी के नियम की धज्जियां
हरिद्वार। महाप्रबंधक आशुतोष गंगल के स्टेशन के दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन अलर्ट रहा। स्टेशन के निकासी गेट पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग के लिए पांच काउंटर लगाए गए। ट्रेनों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग करने के साथ मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ भी पढ़ाया, लेकिन महाप्रबंधक के साथ चल रहे रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और जीआरपी ने शारीरिक दूरी के मानक का कतई ध्यान नहीं रखा।