संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। लव शर्मा को हरिद्वार नगर निगम में नामित पार्षद नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
मंगलवार देर रात बड़ी संख्या में शुभचिंतक उनके निवास पर पहुंचे और बधाई दी। उन्होंने ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी की और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। समर्थकों ने कहा कि लव शर्मा लंबे समय से संगठन और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उनकी निष्ठा, सरल व्यवहार और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को देखते हुए यह जिम्मेदारी मिली है।
कार्यकर्ताओं के लिए यह गौरव का विषय है। समर्थकों ने विश्वास जताया कि लव शर्मा अपनी नई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। वे हरिद्वार के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को नगर निगम में प्रभावी ढंग से उठाएंगे। जनता की अपेक्षाओं पर भी वे खरा उतरेंगे। लव शर्मा ने जिला संगठन, प्रदेश संगठन, उत्तराखंड सरकार और सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार का विकास, जनसेवा और जनहित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।