यस बैंक में पैसा लेने के लिए इंतजार करते लोग ।
- फोटो : HARIDWAR
यस बैंक के डूबने की खबर फैलते ही शुक्रवार को बैंक के हजारों ग्राहक बैंकों की शाखाओं के बाहर नकदी निकालने के लिए घंटों लंबी कतार में खड़े नजर आए। जानकारी के अनुसार, देर शाम तक बैंक की ओर से हजारों ग्राहकों को 50 लाख रुपये से अधिक धनराशि का भुगतान किया गया। उधर, बृहस्पतिवार देर रात तक बैंक के ग्राहक एटीएम से नकदी निकालते नजर आए। हालांकि, बैंक की अधिकांश शाखाओं के मैनेजर का साफ कहना है कि ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। ग्राहकों के रुपये नहीं डूबेंगे।
धर्मशाला रोड के पास स्थित यस बैंक की शाखा के बाहर शुक्रवार सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। सुबह 10 बजे बैंक खुलने के बाद ग्राहकों की भीड़ बैंक के अंदर घुस गई। अफरा तफरी का माहौल बनते ही बैंक में तैनात गार्ड हरकत में आ गए और उन्होंने ग्राहकों को लाइन में खड़े होने की अपील की। देर शाम तक बैंक ने हजारों ग्राहकों को करीब 50 लाख से अधिक की धनराशि का भुगतान किया।
डेबिट कार्ड लेकर भटकते रहे लोग
यस बैंक की खस्ताहाल आर्थिक स्थिति को देखते हुए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने बैंक के प्राधिकार को अपने कब्जे में ले लिया है। ऐसे में यस बैंक के ग्राहकों के डेबिट कार्ड ने काम करना बंद कर दिया है। शुक्रवार को बैंक के ग्राहक अलग-अलग बैंकों के एटीएम में जाकर रुपये निकालने की जुगत में दिखे। मगर किसी को सफलता नहीं मिली। ग्राहक डेबिट कार्ड का इस्तेमाल ऑनलाइन ट्रांजैक्शन में भी नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे मेें आने वाले कुछ दिनों तक ग्राहकों की परेशानी बने रहने के आसार है।