पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर धनपुरा बाजार में रविवार रात में चोरों ने ज्वैलर्स समेत चार दुकानों के शटर के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान उड़ा लिया। सोमवार सुबह दुकानदारों को चोरी का पता चला। कस्बे में चार दुकानों में सेंधमारी होने से बाजार के अन्य दुकानदारों में हड़कंप है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
धनपुरा में फेरुपुर से अम्बूवाला मार्ग पर बाजार है। बाजार में नवीन कुमार की ज्वैलर्स की दुकान है। नवीन कुमार रोजाना की तरह दुकान बंद कर रविवार को घर चले गए। सुबह दुकान के शटर के ताले टूटने की सूचना से उनके होश उड़ गए। नवीन कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों ने शटर के ताले तोड़कर दुकान में रखे एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए। बाजार में हरीश कुमार की हार्डवेयर की दुकान में भी सेंधमारी की गई।
हरीश कुमार ने बताया कि दुकान के शटर के ताले तोड़कर बीस हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी हो गया। दुकान से चोरी हुआ कुछ सामान खेतों में गिरा मिला है। आशंका जताई जा रही कि चोर घटना को अंजाम देने के बाद खेतों के रास्ते भाग गए। चोरों ने बाजार में सुलेमान और रहमान की मुर्गे की दुकानों के शटर के ताले भी तोड़ लिए। दोनों ही दुकानों से तराजू और बाट लेकर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदारों ने चोरी की घटना की तहरीर पुलिस को दी है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ज्वैलर्स की दुकान पर 15 दिन पहले हुई थी चोरी
ज्वैलर्स नवीन कुमार की दुकान में 15 दिन पहले ही चोरी हुई थी। पुलिस इसका खुलासा भी नहीं सकी थी कि दोबारा चोरी हो गई। बाजार के दुकानदारों ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाए हैं। दुकानदारों ने कहा कि गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
चार दिन पहले गोदाम की चोरी का नहीं हुआ खुलासा
धनपुरा में सेटरिंग के सामान के गोदाम में चोरी के मामले में चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। धनपुरा में फारूक निवासी घिस्सूपुरा का सेटरिंग के समान का गोदाम है। 24 अगस्त की रात में अज्ञात चोरों ने गोदाम की दीवार फांदकर गोदाम में रखा सामान चोरी कर लिया था।