हरिद्वार। राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर संपर्क मार्गों तक सड़क बनाते समय किनारों को समतल करने में बरती जा रही लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। किसी वाहन को साइड देने पर कई लोगों की जानें जा चुकी हैं। आए दिन लोग चोटिल भी हो रहे हैं। लेकिन बार-बार ध्यान दिलाने के बाद भी अधिकारी इस ओर गंभीर नहीं दिख रहा है। अब क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई है। पत्र में लिखा गया है कि हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर जगजीतपुर से लेकर बादशाहपुर के बीच कई जगह सड़क के किनारे असमतल हैं। बहादराबाद, उत्तरी हरिद्वार और रोशनाबाद क्षेत्र की सड़कों का भी यही हाल है। सड़क और उसके किनारे में कहीं-कहीं तो आधे फीट से भी ज्यादा का अंतर होने के कारण दो पहिया वाहन सवार हादसे का शिकार हो रहे हैं। लेकिन इस परेशानी की तरफ विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
-----------------
गडकरी के सामने भी उठ चुका मामला
-पिछले दिनों दिल्ली से हरिद्वार तक की सड़कों का निरीक्षण करने आए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के सामने भी यह मामला उठाया गया था। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने इस मामले को उठाते हुए क्षेत्र के लोगों को हो रही परेशानी से उन्हें अवगत कराया। तब उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि शीघ्र इसके बारे में कार्रवाई नहीं की गई तो अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
---------------
सड़क किनारे डालकर छोड़ दी मिट्टी
- हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर बनाई गई सड़क के किनारों पर रेतीली मिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। जैसे ही दुपहिया वाहन साइड या ओवरटेक करने या फिर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में सड़क से नीचे उतरते हैं तो दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। वाहनों के पहियों से यह मिट्टी धूल का गुबार बनकर हवा में उड़ रही है। जिससे न केवल दृश्यता प्रभावित हो रही है बल्कि यह मिट्टी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बन रही है।
कोट
इस तरह की समस्या उनके संज्ञान में नहीं आई है। यह विशुद्ध रूप से तकनीकी मामला है। अगर कहीं से कोई शिकायत आती है तो संबंधित अधिकारियों से वार्ता करके इसका निराकरण कराया जाएगा।
हरबंस सिंह चुघ, जिलाधिकारी
इनसेट
यह ज्यादा समस्या
- सिंहद्वार-कनखल मार्ग
- हरिद्वार-लक्सर मार्ग
- श्यामपुर बिजनौर मार्ग
- शेरपुर-भट्टीपुर मार्ग
- बादशाहपुर- धारीवाला मार्ग
-शाहपुर- रानीमाजरा मार्ग
- पदार्था- धनपुरा मार्ग
- सराय-बहादरपुर जट मार्ग
- बहादराबाद-धनौरी मार्ग
बोले ग्रामीण
सड़के बनाते समय इस बात का ध्यान नहीं रखा जाता है कि सड़क और फुटपाथ का लेबल बनाए रखा जाए। इस समस्या के कारण कई बार हादसे हो चुके हैं। - सुनील चौहान
अधिकारियों को इस समस्या से कई बार अवगत कराया गया लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। अगर इस समस्या से निजात नहीं मिली तो लोग ऐसे ही परेशान रहेंगे। -- चेतन चौहान
--------
कई जगह सड़क और फुटपाथ में इतनी गहराई है कि बाइक नीचे उतरते ही चालक का पलटना तय है। हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर तो हर रोज ऐसे हादसे होते ही रहते हैं। जिलाधिकारी से आग्रह है कि सड़कों की हालत ठीक कराएं। ---श्यामलाल राठौर
-------------
ग्रामीणों ने इस मांग को लेकर नेताओं से लेकर अधिकारियों तक को अवगत कराया है। अब इस मार्ग के फोरलेन बनने की चर्चा है शायद निजात मिल जाए। -- मांगेराम सैनी