ज्वालापुर स्थित नवीन फल-सब्जी मंडी में बकाया वसूली की कार्रवाई के दौरान मंडी समिति की टीम के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है।आरोप है कि बकाया होने पर आढ़ती की फर्म का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया जबकि दुकान आवंटन भी वापस ले लिया गया है।
मंडी सचिव लवकेश गिरी ने बताया कि नवीन फल-सब्जी मंडी परिसर स्थित महावीरा फ्रूट कंपनी, दुकान संख्या सी-57 पर मंडी शुल्क और विकास सेस के रूप में लाखों रुपये बकाया हैं। फर्म की स्वामी इन्जिला देवी निवासी सुभाषनगर, ज्वालापुर हैं। बकाया वसूली के लिए समिति की ओर से पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे। बुधवार को मंडी निरीक्षक वर्षा गुप्ता, शिवमूर्ति सिंह टीम के साथ दुकान पर कार्रवाई के लिए पहुंचे। आरोप है कि मौके पर टीम से अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की गई। जान से मारने और आग लगा देने की भी धमकी दी गई। निर्देशों का पालन नहीं करने और मंडी अधिनियम की संबंधित धाराओं के उल्लंघन के चलते फर्म का लाइसेंस निलंबित कर दुकान का आवंटन वापस ले लिया गया है।
पिछले दिनों व्यापारी त्रिपुरारी चौधरी के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि मंडी सचिव लवकेश कुमार को पांच करोड़ देने के बाद जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था।