अतिक्रमण हटाने के लिए एचआरडीए ने नगर निगम को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सप्तऋषि। भूपतवाला स्थित गंगोत्री विहार कॉलोनी में सार्वजनिक मार्ग और नाले पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने नगर निगम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता की ओर से सहायक नगर आयुक्त को जारी इस पत्र में क्षेत्र में बढ़ रही शिकायतों का हवाला दिया गया है। प्राधिकरण के अनुसार, गंगोत्री विहार कॉलोनी को एक निजी भू-विकासकर्ता द्वारा विकसित किया गया था। इस कॉलोनी का लेआउट तो प्राधिकरण स्तर से विधिवत स्वीकृत है, लेकिन वर्तमान में यह पूरा क्षेत्र नगर निगम हरिद्वार के अंतर्गत आता है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि कॉलोनी का आंतरिक विकास उसके द्वारा नहीं किया गया है, इसलिए वहां की व्यवस्थाएं नगर निगम के क्षेत्राधिकार में हैं।
इस मामले में स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा सार्वजनिक रास्तों और नालों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं। इससे पहले भी वर्ष 2012 और 2024 में इस संबंध में पत्राचार किया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एचआरडीए ने अब नगर निगम से अपने स्तर पर कार्रवाई करने को कहा है।