सिडकुल। भेल सेक्टर-4 स्थित केंद्रीय विद्यालय के आसपास जंगली जानवरों की सक्रियता से स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों के अभिभाव दहशत में हैं। बृहस्पतिवार रात विद्यालय परिसर की दीवार पर एक गुलदार को चहलकदमी करते देखा गया, जिसकी वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात गुलदार काफी देर तक विद्यालय की बाहरी दीवार पर बैठा रहा और फिर जंगल की ओर लौट गया। वहीं, बुधवार रात को एक हाथी ने स्कूल की दीवार तोड़ दी थी व विद्यालय परिसर के भीतर घुस गया था। लगातार दो दिनों से विद्यालय के आसपास जंगली जानवरों की मौजूदगी से क्षेत्र में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। रेंजर शीर्षपाल सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थीं। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।