- कुंभ मेला आईजी ने रेलवे, जीआरपी-आरपीएफ अफसरों के साथ की बैठक
- मुख्य स्नान पर्वों पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन, भीड़ प्रबंधन योजना तैयार करने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव बढ़ने की स्थिति में आसपास के रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मुख्य स्नान पर्वों पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन और श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया निर्धारित करने की योजना भी है। स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व भीड़ नियंत्रण को लेकर समीक्षा की गई।
बृहस्पतिवार को सीसीआर हरिद्वार स्थित कार्यालय में कुंभ मेला के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों के साथ बैठक की। रेलवे यातायात योजना, स्टेशन प्लान, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ का दबाव बढ़ने पर आसपास के स्टेशनों पर यात्रियों को नियंत्रित करने, ट्रेनों के ठहराव और निर्धारित होल्डिंग एरिया के उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा हरिद्वार से अपने गंतव्य की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित रवाना करने के लिए रेलवे की योजना और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए वैकल्पिक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। बैठक में कुंभ मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल, उत्तर रेलवे मुरादाबाद के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, जीआरपी एसपी अरुणा भारती, कुंभ एएसपी कुंभ राजेश भट्ट, सीओ जीआरपी अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।