- बहादराबाद क्षेत्र का मामला, पुलिस ने गंगाजल की व्यवस्था कर कराया शांत
बहदराबाद। कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर शांतरशाह चौकी के पास कार से एक बच्चे की कांवड़ खंडित होने के आरोप में कांवड़ यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। नाराज कांवड़ यात्रियों ने हाईवे पर डेरा जमाए रखा और कार चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। जानकारी के मुताबिक, एक कार के गुजरने के दौरान एक बच्चे की कांवड़ खंडित हो गई। कांवड़ यात्रियों का आरोप था कि घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इससे आक्रोशित कांवड़ यात्रियों ने हाईवे पर हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस से तत्काल आरोपी चालक को पकड़ने की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ अमरजीत सिंह ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। कोतवाल ने मौके पर गंगाजल की व्यवस्था कराई। गंगाजल मिलने के बाद कांवड़िये करीब एक घंटे बाद अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। सीओ संजय चौहान का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।