हरिद्वार। शांतिकुंज ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां पूरी कर ली है। गायत्री परिवार के प्रमुख व देव संस्कृति विवि के कुलाधिपति डा. प्रणव पंड्या ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने करोड़ों अनुयायियों को योग दिवस को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि सभी शिक्षा बोर्डों में कक्षा एक से ही योग को शामिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पहल पर योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मुकाम मिला जो हम सबके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि योग एक प्राचीन भारतीय पद्धति है। योग के माध्यम से न सिर्फ बीमारियों का निदान किया जाता है, बल्कि इसे अपनाकर कई शारीरिक और मानसिक तकलीफों से छुटकारा पाया जा सकता है। योग तन-मन में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि योग को सभी शिक्षा बोर्डों में कक्षा एक से ही शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि मंगलवार को चडीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के समय इस बारे में चर्चा भी करेंगे।