भूपतवाला की भारत मातापुरम कालोनी में मंगलवार रात एक अधेड़ ने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगा ली।
मूलरूप से गाजियाबाद निवासी सोनू कश्यप (45) का परिवार करीब 10 वर्ष से उत्तरी हरिद्वार में रह रहा है। सोनू मार्बल की घिसाई का काम करता था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की रात करीब 10 बजे वह अचानक अपने कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। जबकि पत्नी पम्मी अपने बेटों नीरज व पंकज के साथ छत पर चली गई। काफी देर तक नीचे कोई हलचल नहीं होने पर परिवार को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं आया। जबरन दरवाजा खोलने पर सोनू का शव साड़ी के फंदे से पंखे पर लटका हुआ था। सूचना पर सप्तऋषि चौकी प्रभारी सतेंद्र भंडारी मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आसपास सुसाइड नोट की तलाश की गई, मगर कुछ नहीं मिला।
----------------
फांसी लगाने से पहले समझाया
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात सोनू कश्यप नशे में घर लौटा था। इसके बाद उसने घर आकर भी शराब पी और अपने छोटे बेटे पंकज को अपने पास बुलाया। पंकज हरकी पैड़ी क्षेत्र में एक दुकान पर काम करता है। कुछ दिन से वह दुकान पर नहीं जा रहा था। सोनू ने पंकज को समझाया कि बेटा दुकान पर जाने से ही काम चलेगा। इससे पुलिस मान रही है कि फांसी लगाने से पहले वह किसी बात को लेकर तनाव में रहा होगा। है।