- नगर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। हरिद्वार से देहरादून जा रही रोडवेज बस में चार संदिग्धों ने पत्नी के बुलाने का झांसा देकर यात्री को सीट से उठाया और उसके ट्रॉली बैग से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चारों आरोपी रायवाला के पास बस से उतर गए। मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आईआईपी परिसर मोकमपुर, देहरादून निवासी रोहित कुमार चार अक्तूबर को परिवार के साथ जोधपुर से हरिद्वार पहुंचे थे। सुबह करीब 8:50 बजे वह रोडवेज बस से देहरादून जा रहे थे। उनकी पत्नी बच्चों के साथ बीच वाली सीट पर थीं, जबकि रोहित ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग लेकर अंतिम सीट पर बैठे थे।
आरोप है कि बस में सवार चार संदिग्धों में से एक ने रोहित को बताया कि उनकी पत्नी उन्हें बुला रही हैं। उनके सीट छोड़ते ही संदिग्ध उनकी सीट पर बैठ गए। चारों रायवाला के पास बस से उतर गए। घर पहुंचने पर रोहित ने ट्रॉली बैग कटा हुआ पाया और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब मिले।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।