- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के टांडा टीरा गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण, 60 से 70 हजार रुपये की नकदी और विदेशी मुद्रा चोरी कर ली। महिला दो दिन बाद मायके से घर लौटी तो सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, विपिन लता निवासी टांडा टीरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 18 अक्तूबर को दोपहर करीब 11:30 बजे अपने मायके गई थीं। 20 अक्तूबर की शाम करीब पांच बजे जब वह घर लौटीं तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर घर से सोने-चांदी के आभूषण, करीब 60 से 70 हजार रुपये की नकदी और कुछ विदेशी मुद्रा गायब मिली। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बुधवार को महिला ने थाने पहुंचकर एसओ अजय शाह को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। सीओ सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीम जुटी है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।