- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की घटना, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की गणेश धाम कॉलोनी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। महिला जब घर लौटी तो गेट का ताला खुला मिला और अंदर अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गणेश धाम कॉलोनी में पुराने शिव मंदिर के पास, गली नंबर चार निवासी शालिनी शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 22 अक्तूबर की शाम करीब सात बजे घर पर ताला लगाकर गई थीं। अगले दिन 23 अक्तूबर को वापस लौटीं तो घर के गेट का ताला खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों में रखा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से सोने-चांदी के सभी जेवर और नकदी गायब थी।
चोर जेवर और नकदी के साथ उनकी बेनामी की कॉपी, एफडी और एटीएम कार्ड समेत अन्य जरूरी सामान भी ले गए। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। शनिवार की रात तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।