हरिद्वार। नौ लाख रुपये से कृषि कार्य के लिए खरीदे गए ड्रोन के उड़ान नहीं भरने की जांच शुरू हो गई है। एक सप्ताह में जिला सहायक निबंधक को जांच रिपोर्ट पहुंच जाएगी। इसके बाद समिति के अधिकारियों-कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है।
गन्ना विकास समिति लिमिटेड सीतापुर ज्वालापुर के उपाध्यक्ष विशेष चौहान की ओर से किसानों के हित में किसानों की फसलों पर स्प्रे करने के लिए खरीदा गया नौ लाख रुपये का ड्रोन काम नहीं आने पर जिलाधिकारी से शिकायत की गई थी। उनका कहना था कि किसानों की फसलों पर दवा, खाद और कीटनाशकों के छिड़काव के लिए खरीदा गया ड्रोन लंबे समय से उपयोग में नहीं लाया जा रहा है। इससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक का लाभ नहीं मिल पा रहा था। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश जारी किए थे।
जिला सहायक निबंधक की ओर से मामले की जांच शुरू करा दी गई है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट उन्हें मिल जाएगी। उनका है कि जांच पूरी होने के बाद ड्रोन का नियमित संचालन शुरू कराया जाएगा ताकि क्षेत्र के किसानों को कम समय और कम लागत में फसलों पर छिड़काव की सुविधा मिल सके।
उपाध्यक्ष विशेष चौहान ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल किसानों को उनके अधिकार और आधुनिक सुविधाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन की कार्रवाई के बाद शीघ्र ही यह ड्रोन खेतों में उड़ान भरता दिखाई देगा। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि कार्यों को सरल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।