ैस प्लांट के लिए भूमि का निरीक्षण करते मेलाधिकारी दीपक रावत साथ में आईओसी के अधिकारी ।
- फोटो : HARIDWAR
कचरे से बॉयो गैस बनाने का प्लांट लगाने के लिए मेला और नगर निगम के अधिकारियों के साथ इंडियन ऑयल कारपोरेशन के अधिकारियों ने सराय स्थिति कंपोस्ट प्लांट व जमीन का निरीक्षण किया। आईओसी द्वारा कुंभ 2021 से पूर्व प्लांट लगाना है। आईओसी अपने सीएसआर फंड से प्लांट लगाएगी।
बृहस्पतिवार को मेलाधिकारी कुंभ दीपक रावत, नगर आयुक्त नरेंद्र भंडारी और इंडियन ऑयल कारपोरेशन के डीजीएम विजय कुमार व वाणिज्य अधिकारी मनिद्रर सिंह ने कंपोस्ट प्लांट में कूड़ा से खाद बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सराय में केआरएल को 17 एकड़ जमीन नगर निगम ने दी है। भूमि का निरीक्षण करने पर आईओसी के अधिकारियों ने बताया कि केआरएल को जो भूमि दी गई है उसी में बॉयो गैस प्लांट भी लग जाएगा। मेलाधिकारी कुंभ दीपक रावत ने बॉयो गैस प्लांट कुंभ से पहले लगाने का निर्देश दिए ताकि कुंभ में कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था की जा सके।
गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, शहरी विकास सचिव शैलेश बगोली, मेलाधिकारी कुंभ दीपक रावत, नगर आयुक्त उदय सिंह राणा, सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी के साथ बैठक कर कुंभ से पूर्व हरिद्वार में कचरे से गैस बनाने के प्लांट लगवाने का निर्णय लिया था।