हरिद्वार। ज्वालापुर में एक डेढ़ साल की बच्ची खेलते हुए पानी से भरे टब में जा गिरी। परिजनों को काफी देर बाद इसकी जानकारी मिली। आनन फानन में मासूम को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मंडी समिति उपाध्यक्ष अरशद ख्वाजा का ज्वालापुर के मोहल्ला हज्जाबान में घर है। उनके बड़े भाई चौधरी मुर्तजा ख्वाजा सहित पूरा परिवार ग्राउंड फ्लोर पर रहता है। जबकि दूसरा भाई तहसीन का परिवार दूसरी मंजिल पर रहता है। सोमवार की दोपहर तहसीन की पत्नी किचन में काम कर रही थी, जबकि डेढ़ साल की बेटी अदीबा घर के आंगन में खेल रही थी। इसी बीच अदीबा बाथरूम पहुंच गई और पानी से भरे टब में डूब गई। काफी देर तक बच्ची की कोई आवाज सुनाई न देने पर बच्ची को ढूंढा गया तो टब में निढाल देखकर होश उड़ गए। परिजन बच्ची को नजदीक के अस्पताल में ले गए। डाक्टर के जवाब देने पर जिला अस्पताल ले जाया गया। मगर वहां भी डाक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में मातम छा गया।