हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित शंकर आश्रम चौक के निकट स्वामी राम प्रकाश चैरिटेबल अस्पताल में नेत्र कुंभ के केंद्रीय कार्यालय का विधिवत शुभारंभ यज्ञ के साथ किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जनसेवा और समर्पण के संकल्प के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने बताया कि 12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक हरिद्वार में नेत्र कुंभ आयोजित होगा। इसके प्रचार-प्रसार और जनजागरण के लिए 29 नवंबर को देहरादून में शंखनाद कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन के प्रबंध प्रमुख एडवोकेट ललित पंत ने बताया कि सक्षम संस्था के माध्यम से नेत्र कुंभ में जरूरतमंदों की निःशुल्क नेत्र जांच और चश्मे वितरित किए जाएंगे। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक राकेश ने आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए इसे सफल बनाने की बात कही। इस मौके पर स्वामिनी वेदात्मानंदा सरस्वती, देवेंद्र, अनंत मेहरा, डॉ. राजीव कुरले, डॉ. हरेंद्र, डॉ. रविंद्र, डॉ. संजय शाह, डॉ. रितु खेतान, मोनू त्यागी, कमल पंत, संदीप अरोड़ा, मानसी मिश्रा, कुलदीप, सीमा चौहान, विमलेश गौड़, अनीता वर्मा, संजय वर्मा, विनोद शर्मा आदि मौजूद रहे।