हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने राष्ट्रसेवा में 62 वर्ष पूरे होने पर अपना स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर भारी उद्योग व इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने कंपनी के प्रतिभावान कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार प्रदान किए। राज्य मंत्री और सचिव संदीप पौण्डरीक ने बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों के 25 टीमों को पुरस्कार दिए जिनमें कुल 131 कर्मचारी शामिल थे। यह एक अद्वितीय कंपनी स्तरीय योजना है जो कर्मचारियों के सर्वांगीण उत्कृष्ट कार्य को सम्मानित करती है। इसमें कंपनी के विकास, लाभप्रदता और समाज के प्रति योगदान शामिल है। पुरस्कारों में उत्कृष्टता, तकनीकी प्रकाशन, अनुसंधान, ग्राहक संतुष्टि, उत्पादकता और पर्यावरण पुरस्कार शामिल थे। प्रत्येक टीम को नकद पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र और पदक भी प्रदान किए गए।