हरिद्वार। आईएसआईएस से संबंध के आरोप में पकड़े ऋषिकुल आयुर्वेद कालेज के छात्र मोहम्मद मेराज निवासी लंढौरा को कालेज से बर्खास्त करने को विवि की ओर से कालेज से जवाब मांगा है। कालेज के प्राचार्य ने आरोपी छात्र के संबंध में एसएसपी से ब्यौरा मांगते हुए उसके परिजनों से भी जवाब मांगा है। जवाब एक सप्ताह के अंदर देना होगा। जवाब नहीं देने पर एक तरफा बर्खास्तगी की कार्रवाई की दी जाएगी।
दिल्ली एवं उत्तराखंड की संयुक्त पुलिस टीम ने 19 जनवरी को गिरफ्तार किए गए चारों संदिग्धों में से मोहम्मद मेराज उर्फ मोनू पुत्र तज्जमुल हुसैन निवासी लंढौरा, हरिद्वार ऋषिकुल आयुर्वेद कालेज एवं चिकित्सालय में संचालित बैच 2014 का छात्र है। मोहम्मद मेराज का काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश हुआ था। कालेज के प्राचार्य प्रो. एएन पांडे ने बताया कि इस मामले में विवि की ओर से छात्र के चरित्र के बारे में रिपोर्ट मांगी है। जिसमें मीडिया की रिपोर्ट को आधार बनाया गया है। इसके लिए विवि की आदेश पर कालेज की ओर से एसएसपी हरिद्वार से संबंधित छात्र के मामले की जानकारी मांगी गई है। साथ ही आरोपी छात्र के परिजन निवासी लंढौरा को भी पत्र भेजकर उनका पक्ष मांगा गया है। प्राचार्य ने बताया कि यदि सात दिन के अंदर कोई जवाब नहीं आता है तो भी मीडिया रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को कालेज से बर्खास्त कर दिया जाएगा।