हरिद्वार। सीईओ के औचक निरीक्षण में पन्ना लाल भल्ला इंटर कॉलेज मायापुर के प्रभारी प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा गैरहाजिर मिले। सीईओ ने उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
दरअसल, पन्ना लाल भल्ला इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओपी गौनियाल के बेटे की शादी है, इसलिए वह अवकाश पर चल रहे हैं। कॉलेज में सत्रांत लाभ पर चल रहे अनिल कुमार शर्मा को प्रभारी प्रधानाचार्य का कार्यभार दिया गया है। इससे उनकी जिम्मेदारी है कि कॉलेज में सभी व्यवस्थाएं ठीक से संचालित होती रहें।
शुक्रवार को सुबह दस बजे से कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से परीक्षा पर चर्चा का ऑनलाइन प्रसारण बच्चों को सुनाया जाना था, लेकिन जब सीईओ (मुख्य शिक्षा अधिकारी) नरेश कुमार हल्दियानी पहुंचे तो प्रभारी प्रधानाचार्य ही कॉलेज में नहीं थे। इससे सीईओ की ओर से सुबह नौ बजकर 31 मिनट पर उपस्थिति पंजीका में प्रभारी प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा की अनुपस्थिति दर्ज कर दी गई। उनके जाने के बाद कॉलेज में मोबाइल से बच्चों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परीक्षा पर चर्चा का कार्यक्रम लाइव टेलीकॉस्ट दिखाया गया।
हालांकि, कॉलेज में उनके अलावा सभी अध्यापक मौजूद मिले। निरीक्षण करने के बाद सीईओ वापस लौट गए। उन्होंने बताया कि प्रभारी प्रधानाचार्य का भी बिना अवकाश लिए कॉलेज से गायब रहना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है, इसलिए उनसे कॉलेज में बिना बताए गैर मौजूद रहने पर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) अमित कुमार चंद भी मौजूद रहे।