रुद्रपुर के ध्यानार्थ...
-ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पांच नामजद, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। पत्नी के अचानक घर छोड़कर चले जाने का मामला ज्वालापुर में पति और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की वजह बन गया। पत्नी की तलाश को लेकर शुरू हुई कहासुनी दुकान तक पहुंच गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने पति को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को भी नहीं बख्शा। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला चाकलान निवासी अमन गुलाटी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी दीक्षा 29 अक्तूबर की रात करीब 2:20 बजे घर से अचानक चली गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद अमन ने पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 पर सूचना दी और कोतवाली में भी पत्नी के लापता होने की जानकारी दी। बाद में पत्नी ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर अपने देहरादून में होने की बात बताई।
अमन का कहना है कि उसने इस संबंध में ससुराल पक्ष को भी जानकारी दी थी। आरोप है कि इसके बाद पत्नी के पिता विकास कालरा, मां अंजू कालरा, बहन प्रिया कालरा, नानी और मामा दलीप मनोजा निवासी आदर्श कॉलोनी, रुद्रपुर उसकी घास मंडी स्थित दुकान पर पहुंच गए। वहां उन्होंने पत्नी को गायब कराने का आरोप लगाते हुए उससे विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पिता सुनील गुलाटी के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। सीओ संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।