उमसभरी गर्मी ने बेहाल कर दिया है। उमस के बीच बार-बार हो रही बिजली कटौती से लोगों की रात की नींद और दिन का चैन छिन गया है। शहर से लेकर देहात तक अघोषित बिजली कटौती से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के साथ-साथ जलापूर्ति भी ठप होने से दिक्कतें खड़ी हो रही हैं।
पिछले कई दिनों से उमस बढ़ने के साथ ही जबरदस्त तरीके से बिजली कटौती हो रही है। हर पांच से दस मिनट के बीच बिजली के कट लग रहे हैं। ज्वालापुर के चौहानान, पीठ बाजार, हज्जाबान, कस्साबान, मैदानियान, कोटरावान, घोसियान, कैथवाड़ा और देहात के धनपुरा, घिस्सूपुरा, पथरी, ऐथल के साथ ही बहादराबाद, सलेमपुर सहित तमाम इलाकों में बिजली कटौती से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी शमशेर अली, शाहरुख, एहतेशाम, फईम खान और जगदीश प्रसाद, विक्की, अनिल ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से उमस और बिजली कटौती ने बेहाल कर रखा है। बार-बार बिजली के कट लगने के साथ ही जलापूर्ति बाधित होने से परेशानी उठानी पड़ रही है। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार का कहना है कि मरम्मत कार्यों के चलते शटडाउन लेना पड़ता है। जबकि कंट्रोल रूम से रोस्टिंग होती है। स्थानीय स्तर से कोई कटौती नहीं हो रही है।