हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण लक्सर में रोडवेज बस अड्डा बनाएगा। इस पर करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर रुड़की तिराहे पर शिवमूर्ति स्थापित करने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है।
लक्सर उत्तराखंड का सबसे बड़ा रेलवे जक्शन और औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद यहां कोई रोडवेज बस अड्डा नहीं था। विधायक संजय गुप्ता लक्सर में बस अड्डा बनाने को प्रयासरत थे। पहले उन्हें कुंभ के बजट से अड्डा निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया था। विधायक संजय गुप्ता ने दो दिन पहले फिर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिलकर रोडवेज बस अड्डा और रुड़की तिराहे को शिवचौक के रुप में विकसित करने की मांग रखी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दोनों प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण को जल्द से जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि रोडवेज बस अड्डे के निर्माण में करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये खर्च आएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। दूसरा रुड़की तिराहे को शिव चौक के रुप में विकसित करने का काम भी जल्द शुरू हो जाएगा।
--------
सुल्तानपुर कब्रिस्तान से मंदिर तक होगा सड़क का पुनर्निर्माण
विधायक संजय गुप्ता ने बताया कि शासन ने सुल्तानपुर कब्रिस्तान चौराहे से लेकर पंचलेश्वर महादेव मंदिर तक सड़क के पुनर्निर्माण को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर करीब एक करोड़ 45 लाख रुपये का खर्च आएगा।