हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से सील किए गए अवैध निर्माण को बार-बार तोड़कर दोबारा निर्माण कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एचआरडीए के जेई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, प्राधिकरण के अवर अभियंता संजय पाल सिंह नेगी ने पुलिस को बताया कि आर्यनगर चौक के पास स्थित भवन में सितंबर 2024 में निर्माणाधीन स्थल निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में सामने आया कि सौरभ सिंघल की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृति भूतल, प्रथम तल और द्वितीय तल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बाद कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के आदेश दिए गए थे।
आदेश की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखने पर अगस्त 2025 में प्राधिकरण ने अनाधिकृत निर्माण को सील कर दिया। इसके बावजूद सील को क्षतिग्रस्त कर दोबारा निर्माण शुरू कर दिया। जनवरी 2026 में पुनः सीलिंग की गई, लेकिन निरीक्षण के दौरान फिर से सील टूटी पाई गई और पूर्व स्वीकृत मानचित्र से अतिरिक्त बेसमेंट व एक और तल का निर्माण होते पाया गया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।